लखनऊ। एयरपोर्ट से मुंशी पुलिया तक (नार्थ-साउथ कॉरिडोर) मेट्रो रेल में यात्रियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के साथ ही राइडरशिप बढ़ाने को लेकर कवायद शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में मुख्य सचिव आरके तिवारी ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों केसाथ हुई बैठक में कहा कि मेट्रो ट्रेन और सिटी बसों में ‘वन सिटी, वन कार्ड’ योजना को जल्द लागू कर दोनों पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवाओं को बेहतर बनाया जाए।
मुख्य सचिव ने बताया, सभी मेट्रो स्टेशनों पर बस, ऑटो, फुटपाथों की जानकारी देने वाले मार्गदर्शक चिन्हों को प्रदर्शित करने के अलावा लखनऊ मेट्रो रेल कार्पोरेशन द्वारा ‘ऑफ स्ट्रीट’ या ‘ऑन स्ट्रीट’ पार्किंग स्थल बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं। इस काम में नगर निगम, एलडीए, आवास एवं विकास परिषद व लोनिवि को भी मदद करने को कहा गया है।
मुख्य सचिव ने कहा है कि अत्यधिक आवागमन वाले मेट्रो पर यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड द्वारा शटल बस सेवा चलाने की कार्यवाही शुरू कराई जाए। अवकाश के दिनों में ऐतिहासिक स्थलों के निकट वाले मेट्रो स्टेशन पर भी सिटी बस सेवा उपलब्ध कराई जाए। कहा कि विद्यालयों वाले मार्गों पर सिटी बसों के संचालन की व्यवस्था की जाए। बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन दीपक कुमार, प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास राजेश कुमार सिंह, लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के एमडी कुमार केशव समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।