गोंडा के कैसरगंज में नवाबगंज के विश्नोहरपुर गांव में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने यूपी बोर्ड व सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्र छात्राओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मेधावियों को सफलता का सूत्र बताते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि संकल्प दृढ़ हो तो कोई भी लक्ष्य बड़ा नहीं होता।
विज्ञापन
महात्मा गांधी के 150वीं जयंती व आजाद हिंद सरकार की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित इस मेधावी सम्मान समारोह में प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या मुख्य अतिथि के रूप मे शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री ने की।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने मेधावियों को सफलता के लिए भगवान राम के आदर्शों का अनुसरण करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढना है तो प्रतिदिन अपने माता-पिता व गुरु के चरण स्पर्श जरूर करें। इससे आपका लक्ष्य निश्चित रूप से पूरा होगा और सफलता आपके कदम चूमेगी।
विज्ञापन
डिप्टी सीएम ने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर अपने कार्य का शुरुआत करें। परिश्रम के आगे कोई लक्ष्य बड़ा नहीं होता। अपनी योग्यता के मुताबिक अपना लक्ष्य तय करिए। प्रतिकूल हालात ने दृढ संकल्प लेकर आगे बढ़िए। उन्होंने कहा कि जो भी अपने लक्ष्य के प्रति अडिग रहता है उसकी सहायता भगवान भी करते हैं।
डिप्टी सीएम ने यूपी बोर्ड व सीबीएसई बोर्ड के दसवीं व 12वीं क्लास के मेधावी बच्चों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी,विधायक प्रतीक भूषण सिंह, विनय कुमार द्विवेदी,सुभाष त्रिपाठी, प्रेम नरायण पांडेय, पल्टूराम, जिलाध्यक्ष पीयूष मिश्र, शेष नरायण मिश्रा, सत्यदेव सिंह, कमिश्नर देवी पाटन मंडल महेंद्र कुमार, डीआईजी राकेश सिंह, डीएम डा नितिन बंसल, सीडीओ आशीष कुमार, नगरपालिका परिषद नवाबगंज सतेद्र सिंह,करन भूषण सिंह, अकबाल बहादुर तिवारी,अवधेश कुमार सिंह मंजू सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।
शहर के भीतर बढते ट्रैफिक जाम से निजात के लिए सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने प्रदेश के डिप्टी सीएम से शहर के बाहर बाईपास सड़क बनाए जाने की मांग रखी। इसके लिए मंच पर मौजूद सभी विधायकों ने भी सांसद की मांग का समर्थन किया। इस मांग पर डिप्टी सीएम ने लोक निर्माण विभाग के अफसरों से बाईपास सडक निर्माण मे आने वाली लागत की रिपोर्ट मांगी है।
आजम खां को बताया माफिया व हत्यारा
सपा के पूर्व मंत्री व रामपुर सांसद आजम खां के बदले की भावना से कार्रवाई किए जाने के आरोप पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने आजम खां को माफिया व हत्यारा बताते हुए कहा कि जौहर विश्वविद्यालय बनाने के नाम पर गरीबों की जमीन हड़पने के मामले में पीड़ित किसानों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है और इस मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
सोनभद्र की घटना पर उन्होने कांग्रेस पर नौटंकी करने का आरोप लगाया।डिप्टी सीएम ने बसपा प्रमुख मायावती पर भी तीखा हमला किया और कहा कि अपने भाई की 400 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त होने की कार्रवाई के बाद मायावती बौखला गई हैं और अनाप-शनाप बयान दे रहीं है।