लखनऊ विश्वविद्यालय देशभर के स्टूडेंट्स के बीच ऑनलाइन पाठ्यक्रम के जरिये अपनी पहुंच बनाएगा। वित्तमंत्री ने आम बजट में इस साल से 350 नए ऑनलाइन पाठ्यक्रम शुरू करने की बात कही है।
हालांकि, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) वर्ष 2015 से एलयू समेत देश के सभी विश्वविद्यालयों को विभिन्न विषयों के ऑनलाइन कोर्स मटीरियल तैयार करने के लिए पत्र लिख रहा है।
इस मामले में एलयू एक कदम आगे बढ़ चुका है। विवि ने ऑनलाइन कोर्स मटीरियल तैयार करने की शुरुआत कर दी है। इसके लिए विवि के शिक्षकों ने वीडियो लेक्चर की रिकॉर्डिंग शुरू कर दी है।
ऑनलाइन कोर्स के स्टडी मटीरियल में एलयू के शिक्षकों के वीडियो भी नजर आएंगे। सूचना तकनीक के इस दौर में ऑनलाइन स्टडी मटीरियल के साथ ऑनलाइन कोर्स की शुरुआत भी की जा रही है।
केंद्र सरकार ने इसको देखते हुए इस साल से 350 नए ऑनलाइन कोर्स की शुरुआत करने की घोषणा की है। देशभर के स्टूडेंट्स इन कोर्सेज का लाभ उठा सकेंगे।
पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए स्टूडेंट्स को सुझाई गई वेबसाइट पर जाना होगा। इनरोलमेंट के बाद उन्हें ऑनलाइन कोर्स मटीरियल भी मिल जाएगा। कोर्स मटीरियल तैयार करने की जिम्मेदारी सभी विवि को सौंपी गई थी।