अदालतों के फैसले भी अब ईवीएम के रिजल्ट की तरह हो गए हैं। मनमाफिक आया तो सब ठीक और न आया तो आलोचना शुरू कर दो। ये बातें केंद्रीय सांख्यिकी व कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्यमंत्री विजय गोयल ने कही।
वह शुक्रवार को लखनऊ में विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आए थे। गोयल ने ये बातें सीजेआई के खिलाफ कांग्रेस की तरफ से महाभियोग प्रस्ताव की मांग संबंधी पूछे गए सवाल के जवाब में कही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को संवैधानिक अधिकार है कि वह अपनी मांग रखे। मगर यह उसी तरह है जैसे चुनाव हारने के बाद ईवीएम खराब बताई जाती है। चुनाव जीतने पर कांग्रेस इस पर कुछ नहीं बोलती।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि राजनैतिक लाभ के लिए पार्टियां संवैधानिक संस्थाओं पर सुनियोजित हमले कर रही हैं। पहले निर्वाचन आयोग और अब सीजेआई। राजनैतिक लाभ के लिए जबरन मुद्दे बनाए जा रहे हैं।