ऑलिव, रेड, ब्राउन और टील ने दर्ज की जीत
लखनऊ। नीरू कपूर मेमोरियल अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को ऑलिव, रेड, ब्राउन, इंडिगो और टील की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर पूरे अंक हासिल किए। अलग-अलग मैदानों पर खेले गए लीग मैचों में बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। इनमें मो. शोएब की नाबाद 94 रन और विराट पांडेय की शतकीय पारी खास रही।
यश साहनी खेल मैदान पर खेले गए 25 ओवर के मुकाबले में ऑलिव ने ब्लैक को छह विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्लैक की टीम 21.4 ओवर में 134 रन पर सिमट गई। जवाब में ऑलिव ने 15.3 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम के सलामी बल्लेबाज मो. शोएब ने 59 गेंदों पर 13 चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 94 रन बनाए।
एसएमआर ग्राउंड पर रेड ने ग्रे को 10 विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्रे की टीम 18.1 ओवर में 43 रन ही बना सकी। जवाब में रेड ने बिना कोई विकेट गंवाए 3.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में ब्राउन ने बेज को 18 रन से हराया। ब्राउन ने निर्धारित 18 ओवर में छह विकेट पर 113 रन बनाए। अनुराग सिंह ने 27 गेंदों पर 42 रन का योगदान दिया। जवाब में बेज की टीम 95 रन ही बना सकी।
ब्लेज विलो गोमतीनगर मैदान पर इंडिगो ने व्हाइट को 40 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिगो ने निर्धारित 25 ओवर में छह विकेट पर 135 रन बनाए। जवाब में व्हाइट की टीम पांच विकेट पर 95 रन ही बना सकी।
वहीं, यश साहनी मैदान पर टील ने रस्ट को 143 रन से करारी शिकस्त दी। टील ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 236 रन बनाए। विराट पांडेय ने 83 गेंदों पर 20 चौकों और एक छक्के की मदद से 108 रन की शतकीय पारी खेली। रक्षित सिन्हा ने 59 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 82 रन बनाए। जवाब में रस्ट की टीम 93 रन पर सिमट गई।