प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन 400 रुपये से बढ़ाकर एक हजार रुपये करने के लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से दफ्तर में आने की नसीहत देते हुए कहा कि लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाज कल्याण मंत्री शास्त्री सोमवार को भागीदारी भवन में विभाग के कामकाज की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सही ढंग से योजनाओं को लागू न करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ जरूर दिलाया जाए। मंत्री ने कहा कि प्रत्येक माह विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा होगी। जिन जिलों की प्रगति कम मिलेगी, वहां के अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
शास्त्री ने कहा कि छात्रवृत्ति वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के अंतर्गत जहां भी अनुसूचित जाति-जनजाति के छात्रों के लिए छात्रावास की जरूरत हो, तो उसका प्रस्ताव तैयार कर तत्काल भेजने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने विभिन्न जिलों में उपलब्ध समाज कल्याण विभाग की जमीनों का भी ब्योरा मांगा। उन्होंने भिक्षुगृहों को भी चालू करने पर जोर दिया। बैठक में समाज कल्याण राज्यमंत्री गुलाबो देवी और प्रमुख सचिव समाज कल्याण मनोज सिंह भी मौजूद रहे।