गोंडा जनपद के विकासखंड कटरा बाजार में मनरेगा योजना में हुई अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन द्वारा बड़ी कार्यवाही की गई है। अनियमितता में शुरुआती जांच में चार अधिकारियों के खिलाफ कटरा थाने में गम्भीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है। वहीं सभी क्षेत्र पंचायतों द्वारा कराए गए कार्यों की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि पिछली सात तारीख को अपर आयुक्त मनरेगा उप्र शासन योगेश कुमार की स्थलीय जांच में कटरा बाजार ब्लाक की दो ग्राम पंचायतों गोड़वा व भरथा इटैया में भारी पैमाने पर अनियमितता पाई गई थी। जिसके बाद कटरा बाजार के तत्कालीन बीडीओ अनिरूद्ध प्रताप सिंह (सेवानिवृत्त), लेखाकार कृष्ण कुमार मिश्र, कार्य प्रभारी बृजेश तिवारी तथा तकनीकी सहायक अजय कुमार पाण्डेय के विरूद्ध गम्भीर धाराओं (409, 419 व 420 आईपीसी) में मुकदमा दर्ज कराया गया है।