उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार पुंडीर पर महिलाकर्मी ने अभद्रता, मारपीट व धक्का-मुक्की का आरोप लगाया है। महिलाकर्मी कंडक्टरी के बजाय दफ्तर में तैनाती का आग्रह लेकर पहुंची थी। मामला परिवहन निगम मुख्यालय पहुंचा और जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं क्षेत्रीय प्रबंधक से जवाब तलब किया गया है।
महिलाकर्मी का आरोप है कि क्षेत्रीय प्रबंधक में पहले हाथ पकड़ा, फिर उसे धक्का देकर दफ्तर से बाहर निकाल दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्रीय प्रबंधक ने उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी। महिलाकर्मी की इस शिकायत पर अधिकारियों ने तत्काल जांच के आदेश दे दिए। महिलाकर्मी परिवहन निगम के अवध डिपो में अपने पिता की जगह मृतक आश्रित कोटे में नौकरी कर रही है। महिला कर्मचारी को डॉक्टर ने हड्डी में सेफ्टी वॉल्व पड़े होने के कारण आराम की सलाह दी है। इसी सिलसिले में महिलाकर्मी निगम मुख्यालय पर लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार पुंडीर के कार्यालय पहुंची थी। प्रकरण बढ़ने पर परिवहन निगम की अपर प्रबंध निदेशक अन्नपूर्णा गर्ग और वित्त नियंत्रक संजय सिंह भी पहुंचे। सीनियर अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि मामले की जांच कराई जाएगी।
सच्चाई सामने आने पर होगी कार्रवाई
क्षेत्रीय प्रबंधक लखनऊ मनोज कुमार पुंडरी और महिला कर्मचारी के बीच मेडिकल लीव को लेकर कुछ इश्यू हुआ है। इससे संबंधित प्रकरण सामने आया है। मामले में आरएम लखनऊ से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। सच्चाई सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
-अन्नपूर्णा गर्ग, अपर प्रबंध निदेशक, रोडवेज