लखनऊ। तारों और ग्रहों की साफ तस्वीरें कैसे खींचें, कैमरे की सेटिंग कैसे करें और तस्वीर को बेहतर कैसे बनाएं, सोमवार को यह सीखने का मौका राजधानी के युवाओं को मिला।
इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला और लखनऊ विश्वविद्यालय के खगोलिकी विभाग के सहयोग से बेसिक एस्ट्रोफोटोग्राफी कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 17 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतिभागियों ने दूरबीनों को चलाने, कैमरे को दूरबीन से जोड़ने और आइएसओ, एपर्चर, एक्सपोजर टाइम व फोकस जैसी सेटिंग की जानकारी ली। बृहस्पति, शनि और चंद्रमा की तस्वीरें लेने का अभ्यास भी कराया गया। इसके साथ अलग-अलग तस्वीरों को जोड़कर बेहतर चित्र बनाने और उनमें रंग, रोशनी व शोर ठीक करने की तकनीक सिखाई गई।
वैज्ञानिक डॉ. सुमित कुमार श्रीवास्तव, डॉ. उपशम गोयल समेत विशेषज्ञों ने सत्र लिए। प्रो. अलका मिश्रा और क्लब के दीपशिखा, अनमोल शुक्ला व आयुष सक्सेना ने सहयोग किया।