एआई से बनाई छात्रा की आपत्तिजनक फोटो, प्राथमिकी दर्ज
लखनऊ। विकासनगर में रहने वाली छात्रा ने निजी विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर शिवम अग्रवाल पर एआई के माध्यम से उसकी आपत्तिजनक तस्वीर बनाने का आरोप लगाया है। छात्रा ने हसनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
मूलरूप से उन्नाव की रहने वाली छात्रा का कहना है कि आरोपी शिवम लखनऊ विश्वविद्यालय में उसका सीनियर था। आरोपी उनको बहन की तरह मानता था। आरोप है कि किसी काम से छात्रा ने शिवम से उसका लैपटाॅप मांगा था। लैपटाॅप को छात्रा के भाई ने खोलकर देखा तो उसमें युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें मिली। छात्रा ने फोन कर आरोपी को लखनऊ विवि बुलाया और उसका फोन लेकर छानबीन की। शिवम के फोन में छात्रा के अलावा अन्य युवतियों की भी आपत्तिजनक तस्वीरें मिलीं। छात्रा ने 1090 पर फोन कर मामले की शिकायत की। उन्हें हसनगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए कहा गया। छात्रा ने आरोपी का लैपटाॅप, मोबाइल फोन और हार्ड डिस्क जब्त करने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक हसनगंज चितवन कुमार का कहना है कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।