लखनऊ। नियमित आहार व पर्याप्त नींद से मोटापा काबू होता है। हर व्यक्ति को अपने भोजन पर ध्यान देना चाहिए। खानपान सही रहेगा तो वजन नहीं बढ़ेगा और पेट की बीमारियां नहीं होंगी। राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल में मंगलवार को विश्व मोटापा दिवस पर आयोजित गोष्ठी में डॉ. रिचा गर्ग व अन्य विशेषज्ञों ने मोटापे से बचाव के तरीके बताए।
डॉ. रिचा ने कहा, अच्छी नींद से व्यक्ति मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है। चिड़चिड़ापन नहीं होता। प्राचार्य डॉ. माखनलाल ने कहा, मोटापे को नियंत्रित करने के लिए मोटे अनाज का सही तरीके से इस्तेमाल करना चाहिए। मोटापा कम होने से बीपी, शुगर, डायबिटीज, दिल की बीमारी, गठिया और जोड़ों की समस्या भी दूर होगी। गठिया विभाग के प्रभारी डॉ. गुरमीत राम ने बताया कि मोटापे से जोड़ और हड्डियां प्रभावित होती हैं। चिकित्सालय प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि हर व्यक्ति को मोटापा नियंत्रित करने और बीमारियों से बचने के लिए नियमित रूप से व्यायाम करना चाहिए।