लखनऊ। शहीद पथ स्थित लोहिया संस्थान के मातृ शिशु रेफरल हॉस्पिटल में अत्याधुनिक पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) खोला गया है। एनएचएम की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल व संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने मंगलवार को इसका उद्घाटन किया। निदेशक ने कहा कि यहां कुपोषित बच्चों की पहचान कर इन्हें इलाज और पोषण मुहैया कराया जाएगा। यह केंद्र सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में काम करेगा। नवजात बच्चों के कुपोषण प्रबंधन के लिए अनुसंधान व प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
एनआरसी की प्रभारी डॉ. शीतांशु श्रीवास्तव ने बताया कि यह केंद्र केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि कुपोषित बच्चों की देखरेख के लिए परिजनों को जागरूक किया जाएगा। केंद्र में क्लीनिकल वार्ड, उपचारात्मक रसोईघर, परामर्श कक्ष, खेलकूद की सुविधाएं हैं। कार्यक्रम में परिवार कल्याण विभाग की महानिदेशक डॉ. सुषमा सिंह, अपर निदेशक डॉ. शारदा चौधरी, डॉ. गौरव, डॉ. रबी पार्ही और हॉस्पिटल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्रीकेश सिंह मौजूद रहे।