केजीएमयू और लायंस क्लब के शिविर में रक्तदान करते हुए महादानी।
लखनऊ। केजीएमयू के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग में ए और एबी पॉजीटिव रक्त समूह की खून की कमी को देखते हुए नर्सिंग छात्राएं आगे आई हैं। नर्सिंग छात्राओं ने रक्तदान किया और अन्य लोगों को भी प्रेरित किया।
ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की प्रमुख डॉ. तूलिका चंद्रा ने बताया कि नर्सिंग विभाग की डीन डॉ. अमिता पांडेय की पहल पर छात्राओं ने रक्तदान किया। सामान्य तौर पर रक्तदान में छात्राओं की भागीदारी विभिन्न कारणों से कम रहती है, लेकिन केजीएमयू की छात्राएं आगे आई हैं। उन्होंने बताया कि नवरात्र के दौरान लोग फलाहार करने के बाद चार घंटे के भीतर रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान से ऊर्जा और शक्ति मिलती है, क्योंकि पुरानी लाल रक्त कोशिकाएं नई लाल रक्त कोशिकाओं से बदल जाती हैं, इसलिए लोगों से आग्रह किया जाता है कि वे अपनी झिझक दूर करें और आगे आएं।
पीजीआई के सहयोग से लायंस क्लब ने किया रक्तदान
लायंस क्लब लखनऊ ब्लड बडीज और लायंस क्लब सेवा ने बुधवार को संजय गांधी पीजीआई के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया। श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में आयोजित शिविर में 53 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। शिविर का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विनय तिवारी और रजिस्ट्रार डॉ. हेमेंद्र शर्मा ने किया। इस मौके पर प्रोफेसर डॉ. वीना सिंह और जिला प्रमुख रक्तदान अधिकारी लायन विनीत श्रीवास्तव मौजूद रहे।
केजीएमयू और लायंस क्लब के शिविर में रक्तदान करते हुए महादानी।