बख्शी का तालाब। कस्बे में प्रेमिका के साथ हॉस्टल में रह रहे सीतापुर के महोली दातापुर गांव निवासी नर्सिंग छात्र अमरेश कुमार वर्मा (25) का शव बुधवार शाम उनके कमरे में लटका मिला। घरवालों ने बीकेटी पुलिस से प्रेमिका व हॉस्टल कर्मचारियों से पूछताछ की मांग की है।
अमरेश के मौसेरे भाई सर्वजीत के मुताबिक, भाई बीकेटी में भौलापुरवा गांव के पास पीजी में हरदोई निवासी प्रेमिका के साथ ढाई साल से लिवइन में रह रहा था। वह बख्शी का तालाब स्थित जीसीआरजी इंस्टीट्यूट से नर्सिंग फाइनल ईयर का छात्र था। कुछ दिन पहले भाई की प्रेमिका अपने घर गई थी। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे उसने उन्हें काॅल कर हॉस्टल के कमरे में भाई के लटके होने की सूचना दी। आनन-फानन वह भाई के पिता नरेंद्र व मां गीता के साथ हॉस्टल पहुंचे। पुलिस कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई तो देखा कि अमरेश का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। अमरेश के पिता ने बीकेटी पुलिस को लिखित शिकायती पत्र देकर जांच की मांग की। उनका कहना है कि हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए। बेटे और उसकी प्रेमिका की कॉल डिटेल देखी जाए। हॉस्टल परिसर की विजिटर लिस्ट देखने के साथ संचालक से पूछताछ की जाए।
कई अस्पतालों में कर रखा था नौकरी के लिए आवेदन
सर्वजीत ने बताया कि अमरेश को जल्द ही मार्कशीट मिलने वाली थी। उसने कई अस्पतालों में नौकरी के लिए आवेदन भी किया था। इकलौते बेटे की मौत के बाद से मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि छात्र रैपिडो बाइक चलाता था। मामले की तफ्तीश की जा रही है।