लखनऊ। दुबग्गा के जॉगर्स पार्क चौराहे पर मंगलवार सुबह मौरंग से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। उसकी चपेट में आने से निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स साधना (26) की मौत हो गई।
आम्रपाली चौकी प्रभारी लवकुश यादव के अनुसार, उन्नाव के पनापुर कला रगरेसला गांव निवासी साधना दुबग्गा में किराये के कमरे में रहती थीं। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह सड़क पार कर रही थीं। तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर उन पर पलट गई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद साधना को ट्रॉली के नीचे से निकाला।
पुलिस ने उन्हें पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। साधना के परिवार में किसान पिता राम विष्णु, माता पुष्पा देवी और भाई गुरदीप, प्रदीप व संदीप हैं।
कुछ देर के लिए यातायात भी हुआ बाधित
हादसे के बाद सड़क पर मौरंग फैलने से कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के अनुसार, साधना के भाई संदीप की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है।