परिवारीजनों को जब इस बात का पता चला कि पीएचसी से पेट दर्द की दवा की जगह खुजली का लोशन दे दिया गया है तो उन्होंने लापरवाही को लेकर निगोहां पीएचसी पर जमकर हंगामा किया।
मां यास्मीन ने बताया कि पेट दर्द होने के बाद बेटे वकार अहमद (13) को मंगलवार को पीएचसी निगोहा लेकर गई थी। पर्चा बनवाने के बाद फार्मासिस्ट राजेश को दिखाया तो उन्होंने दवा लिखी।
स्टाफ नर्स सरोज ने पेट दर्द की जगह पर खुजली का लोशन थमा दिया। मंगलवार रात करीब आठ बच्चे को दवा पिलाया तो कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टियां शुरू हो गईं और उसे गश्ती आने लगी।
भोर होते ही बच्चे को निजी अस्पताल ले गए। परिवारीजनों व ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचकर आरोपी नर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अस्पताल में हंगामा किया।
नर्स की लापरवाही से पेट दर्द की दवा की जगह खुजली का लोशन दे दिया गया। नर्स को नोटिस भेज जवाब तलब किया गया है। उच्च अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी गई है। पीड़ित बच्चा अस्पताल आया था। उसकी तबीयत अब ठीक है।
डॉ. दिवाकर भारद्वाज, अधीक्षक, पीएचसी निगोहां
मामला संज्ञान में नहीं
मेरे संज्ञान में बच्चे को पेट दर्द की दवा की जगह खुजली का लोशन देने का मामला नहीं आया है। कोई शिकायत आती है तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कैलाश बाबू, सीएचसी अधीक्षक, मोहनलालगंज
जांच के बाद होगी कार्रवाई
स्टाफ नर्स के गलत दवा दिए जाने का मामला जानकारी में है। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। दोषी मिलने पर संबंधित नर्स के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. नरेंद्र अग्रवाल, सीएमओ