रायबरेली। एनटीपीसी की ऊंचाहार परियोजना में 210 मेगावाट की क्षमता वाली यूनिट को वार्षिक मरम्मत के लिए बंद कर दिया गया है। इस यूनिट में 35 दिनों तक मरम्मत का काम होगा। इस दौरान यह यूनिट विद्युत का उत्पादन नहीं करेगी।
एनटीपीसी में 210 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट संख्या चार को रविवार सुबह बंद कर दिया गया है। पावर ग्रिड से इसकी मरम्मत के लिए शेड्यूल मिलने के बाद इसका उत्पादन रोका गया है। 35 दिनों तक इस यूनिट में मरम्मत का कार्य होगा। जिसमें बॉयलर लाइसेंस का वार्षिक रिनिवल भी कराया जाएगा। इस दौरान अन्य यूनिट अपनी पूरी क्षमता से विद्युत का उत्पादन करेंगी।
एनटीपीसी की ऊंचाहार परियोजना में 210 मेगावाट प्रत्येक यूनिट क्षमता की पांच इकाइयां स्थापित हैं, जबकि 500 मेगावाट क्षमता की यूनिट संख्या छह स्थापित है। ऊंचाहार परियोजना की कुल उत्पादन क्षमता 1550 मेगावाट है। एक यूनिट बंद हो जाने के बाद अब इस परियोजना की उत्पादन क्षमता घटकर 1340 मेगावाट रह गई है।