लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय की विधि संकाय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से सात दिवसीय विशेष शिविर के तहत बुधवार को अंतरराष्ट्रीय अजन्मा शिशु दिवस पर लिंगभेद के खिलाफ रसूलपुर कायस्थ गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीणों को अजन्मे शिशु की देखभाल, लिंग भेद से बचाव और इसके सामाजिक महत्व की जानकारी दी गई। स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर सर्वे किया और लोगों को 27 मार्च को लगने वाले निशुल्क स्वास्थ्य शिविर की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशि प्रभा जोशी और डॉ. चंद्रशेखर राय के निर्देशन में हुआ। डॉ. एसके वर्मा ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। अवसर पर खेल प्रतियोगिताएं भी हुईं।