लखनऊ। इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) हिंदी और उड़िया भाषा में प्रबंधन की पढ़ाई शुरू करने जा रहा है। अभी तक इग्नू से अंग्रेजी में ही एमबीए की पढ़ाई कराई जाती है।
लखनऊ क्षेत्रीय केंद्र के वरिष्ठ निदेशक डॉ. अनिल कुमार मिश्रा के मुताबिक यूनेस्को ने वर्ष 2010 में इग्नू को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सबसे बड़े शैक्षिक संस्थान का दर्जा दिया था। हमारा पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुसार अपडेट है।
अभी तक एमबीए की पढ़ाई का माध्यम सिर्फ अंग्रेजी था। एनईपी में मातृभाषा को बढ़ावा देने की बात कही गई है। अब जुलाई से हिंदी और उड़िया में भी यह कोर्स करने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय नए सत्र से कला स्नातक में गृह विज्ञान की पढ़ाई भी शुरू कर रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों को गृहविज्ञान के विषयों में विशेषज्ञता देना है। इन कोर्स में प्रवेश के ऑनलाइन आवेदन चल रहे हैं। वेबसाइट पर प्रवेश के संबंध में सारी जानकारियां उपलब्ध हैं।