लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन पर अब दो स्काईवॉक बनाए जाएंगे। ऑफिसर्स रेस्ट हाउस व गांधी उद्यान के पास बनने वाले इन स्काईवॉक से मेट्रो व रेलवे स्टेशन जुड़ जाएंगे। इससे यात्रियों की आवाजाही आसान हो जाएगी।
चारबाग रेलवे स्टेशन का अपग्रेडेशन हो रहा है। सेकंड एंट्री पर बहुमंजिला भवन बनकर तैयार है। यहां यात्री सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं, मुख्य प्रवेशद्वार पर कॉन्कोर्स निर्माण के लिए पार्किंग खाली कराई गई है। अपग्रेडेशन के तहत ही चारबाग रेलवे स्टेशन को चारबाग मेट्रो स्टेशन से जोड़ने के लिए स्काईवॉक बनाने की योजना तैयार की गई है। रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) को इसकी रिपोर्ट तैयार करनी है। पहले रेलवे प्रशासन एक स्काईवॉक बनाने की तैयारी में था।
योजना के अनुसार, चारबाग स्टेशन को मेट्रो से जोड़ने के लिए सेवाग्राम कॉलोनी के पास स्थित ऑफिसर्स रेस्ट हाउस के पास एक स्काईवॉक बनाया जाएगा। दूसरा स्काईवॉक गांधी उद्यान के पास से बनाया जाएगा, जो स्टेशन तक जाएगा। सूत्रों की मानें तो दोनों स्काईवॉक के निर्माण पर करीब 15 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। ऑफिसर्स रेस्ट हाउस के पास बनने वाले स्काईवॉक की लंबाई करीब 800 मीटर तक होगी। वहीं, गांधी उद्यान के पास बनने वाला स्काईवॉक 500 मीटर लंबा होगा। हालांकि, वास्तविक लंबाई व खर्च रिपोर्ट तैयार होने के बाद सामने आ सकेगा।
-
बादशाहनगर स्टेशन भी स्काईवॉक से जुड़ रहा
पूर्वोत्तर रेलवे ने शहर का पहला स्काईवॉक लखनऊ जंक्शन पर बनाया है। इसे दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन से जोड़ा गया है। वहीं, दूसरा स्काईवॉक बादशाहनगर स्टेशन पर बन रहा है, जिसके मेट्रो से जुड़ जाने पर यात्रियों की आवाजाही आसान हो जाएगी।
-
चारबाग रेलवे स्टेशन अपग्रेडेशन कार्यों के तहत पहले एक स्काईवॉक बनाया जाना था, लेकिन अब दो बनेंगे। इससे यात्रियों को मेट्रो व स्टेशन तक आने-जाने में काफी मदद मिलेगी।
-कुलदीप तिवारी, सीनियर डीसीएम, उत्तर रेलवे