लोकबंधु अस्पताल में अब मरीजों को आंखों के इलाज के साथ ही सर्जरी की सुविधा भी मिलेगी। अस्पताल प्रशासन ने सर्जरी की व्यवस्था शुरू करने का फैसला किया है। अभी तक अस्पताल में आंखों की ओपीडी का ही संचालन होता है। इसकी वजह से सर्जरी के लिए मरीजों को रेफर करना पड़ता है।
लोकबंधु अस्पताल में करीब तीन साल से कैटेरेक्ट सर्जरी की सुविधा बंद है। इसकी वजह से आंख से संबंधित समस्या होने पर काफी मरीज यहां नहीं आ रहे थे। सर्जरी की जरूरत पड़ने पर उन्हें अन्य अस्पताल रेफर करना पड़ रहा है। संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल में इस समय आंख संबंधी बीमारी के लिए ओपीडी का संचालन हो रहा है। पिछले काफी समय से सर्जरी की सुविधा नहीं है, इसलिए सर्जरी के लिए जरूरी उपकरण और अन्य सामान की मांग की गई थी। शासन ने यह मांग मान ली है। जल्द ही उपकरण और अन्य सामान अस्पताल आ जाएंगे। इसके साथ ही सर्जरी की शुरुआत भी हो जाएगी।
अस्पताल में तैनात हैं तीन डॉक्टर
लोकबंधु अस्पताल में इस समय आंखों के तीन डॉक्टर तैनात हैं। सर्जरी की सुविधा न होने की वजह से ये तीनों सिर्फ ओपीडी का काम देखते हैं। सर्जरी की सुविधा पूरी तरह से ठप पड़ी है। संस्थान प्रशासन ने उपकरण मिलने पर अगले महीने से यह सुविधा शुरू होने की बात कही है।