यूपी के बाराबंकी जिले में बिक रहे ब्रांडेड नमक समेत कई अन्य नमूने जांच में फेल हो गए है। हाल ही में खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला गोरखपुर से इन नमूनों की जांच रिपोर्ट भी आ गई है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद विभाग ने संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सवाल यह है कि क्या बाराबंकी में जिस ब्रांड के नमूने फेल हो गए हैं दूसरे जिलों में भी उन कंपनियों के नमक के नमूने लेकर उनकी जांच की जाएगी?
बाराबंकी के सिहाली स्थित एक परचून की दुकान से भरा गया सन गोल्ड रिफाइंड आयोडीन नमक का नमूना जांच में फेल हो गया है। जांच के दौरान इसमें मिलावट की पुष्टि हुई है और इसे अधोमानक बताया गया है।
इसी प्रकार शक्ति आयोडीन नमक का हिदायतपुर मिठवारा निवासी राम कैलाश की दुकान से भरा गया था यह भी जांच में अधोमानक पाया गया है। शाहपुर भगौली में विनोद की दुकान से भरा गया खोए की बर्फी का नमूना भी जांच में फेल हो गया है।
भानमऊ स्थित जावेद किराना की दुकान से भरा गया तमस ब्रांड नमक का नमूना भी जांच में अधोमानक पाया गया है। बरौरा बदोसरायं में विपिन कुमार की दुकान से भरा गया वाह इंडिया वाह सब्जी का मसाला जांच में अधोमानक पाया गया है। सतरिख के कायस्थाना मोहल्ले से शुऐब की दुकान से भरा गया आयोडीन नमक का नमूना भी जांच में फेल हो गया है।