रेल आरक्षण केंद्रों पर तत्काल कोटे की भीड़ कम करने के लिए रेलवे ने स्लीपर और एसी क्लास का समय अलग करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीरज शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि रेलवे 15 जून से एसी का तत्काल टिकट सुबह 10 बजे जारी करेगा जबकि स्लीपर क्लास के लिए ओपनिंग 11 बजे से होगी। वहीं रेलवे के ई-टिकट बनाने वाले अधिकृत एजेंट, आरटीएस और एसटीबीएस क्लास के एजेंट तत्काल और सामान्य आरक्षण खुलने के 30 मिनट बाद टिकट बना सकेंगे।
फिलहाल अगले दिन की आरंभिक ट्रेनों का स्लीपर और एसी क्लास का तत्काल कोटा एक साथ सुबह 10 बजे शुरू होता है। स्लीपर और एसी सेकेंड, एसी थर्ड व चेयरकार के लिए आरक्षण केंद्रों पर लंबी लाइन लग जाती है।