लखनऊ। एलडीए नूरपुर भदरसा, सरोजनीनगर में 4456 प्रधानमंत्री आवास अब नहीं बनाएगा। इसकी वजह जमीन के एलडीए क्षेत्र से बाहर लीडा की सीमा में होना है। इसके लिए प्रस्ताव भी वीसी अभिषेक प्रकाश ने प्रमुख सचिव आवास को भेज दिया है।
अफसरों का कहना है कि सात हेक्टेयर जमीन पर पीएम आवास बनाने के लिए एलडीए ने मंजूरी ली थी। प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। पहले लीडा के एलडीए में शामिल किए जाने का प्रस्ताव 2019 में था। कुल 84 गांवों में से एलडीए ने अपनी बोर्ड से फैसला कर लखनऊ जनपद के 45 गांव शामिल करने पर सहमति दी। इसके लिए 29 मई 20 को शासन को पत्र भेजा। हालांकि, अभी तक नूरपुर भदरसा की जमीन एलडीए क्षेत्र से बाहर ही है। लीडा के गांव एलडीए में शामिल करने की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो पाई। ऐसे में वीसी ने अब अधिकारियों से दूसरी जगह तलाशने को कहा है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही डीएम अभिषेक प्रकाश के निर्देश पर जिला प्रशासन ने यह जमीन कब्जामुक्त कराई थी। इसके बाद एलडीए ने यहां निर्माण प्रक्रिया शुरू की थी।