ई-सुविधा काउंटरों पर अब चेक से बिजली बिल जमा कराया जा सकेगा। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने चेक से बिल जमा करने पर लगी रोक हटा ली है। लखनऊ के 101 ई-सुविधा काउंटरों पर लगभग 30 हजार उपभोक्ता चेक से ही बिल जमा करते हैं।
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अंतर्गत आने वाले बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर समेत 19 जिलों में 15 जनवरी से ई-सुविधा काउंटर पर चेक से बिजली बिल जमा करने पर रोक लगा दी गई थी। बताया गया था कि चेक से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को अपने संबंधित अधिशासी अभियंता कार्यालय के कैशियर से संपर्क करना होगा।
इस संबंध में लेसा सिस व ट्रांस गोमती लखनऊ, अयोध्या, देवीपाटन, बरेली जोन के मुख्य अभियंताओं को निर्देश दिए जाने की बात कही गई थी। समाचार पत्रों में शुक्रवार को यह खबर प्रकाशित होने के बाद मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों ने यह रोक हटा दी। जनसंपर्क अधिकारी शालिनी यादव ने बताया कि विभिन्न जोन के खंड व मंडल स्तर के बिलिंग सेंटरों पर चेक से बिजली बिल जमा करने की सुविधा यथावत लागू रहेगी।