लखनऊ में गुरुवार को एक ही दिन में मिले रिकॉर्ड 308 कोरोना मरीजों के बाद जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने अब कोविड केयर सेंटरों व कोविड हॉस्पिटल के संचालन की निगरानी के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारियों को नामित किया है। इसे लेकर हुई एक बैठक में चेताया गया कि स्वच्छता, आहार में गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने बिना लक्षण वाले मरीजों के इलाज व निगरानी को और चुस्त बनाने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि नामित अधिकारी रोजाना कोविड अस्पतालों का निरीक्षण करेंगे और रिपोर्ट बनाएंगे। वे रोजाना हर अस्पताल में सुबह शाम 10-10 मरीजों से फोन पर फीडबैक भी लेंगे।
कोविड अस्पतालों की अन्य व्यवस्थाओं विशेषकर सफाई, पेयजल, चिकित्सकों की मौजूदगी, दवा आपूर्ति की रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को सौंपी जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मनीष बंसल, सीएमओ डॉ. नरेन्द्र अग्रवाल सहित सभी अपर जिलाधिकारी व एसडीएम सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इन अफसरों को मिली जिम्मेदारी
डीएम ने मेडिकल विवि, एरा मेडिकल कॉलेज, बलरामपुर अस्पताल व अथर्व कैंसर अस्पताल के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), लोहिया संस्थान, पीजीआई, हज हाउस, सरदार पटेल अस्पताल के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), आरएमएस चिकित्सालय, इंटीग्रल मेडिकल कॉलेज, चंदन अस्पताल, सेंट मेरी अस्पताल के लिए अपर जिलाधिकारी (टीजी), लोकबंधु, सिविल (नॉन कोविड) और एनआर हॉस्पिटल के लिए अपर जिलाधिकारी (नगर-पूर्वी), मेयो अस्पताल, एल्टिस अस्पताल के लिए अपर जिलाधिकारी (आपूर्ति) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।