राजधानी में कोविड अस्पतालों के खाली व भरे बेडों का ब्योरा बुधवार से ऑनलाइन देखा जा सकेगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने एक लिंक http://dgmhup.gov.in/EN/covid19bedtrack जारी किया है। इसके जरिए कोई भी कहीं से लखनऊ में कोरोना संक्रमण का इलाज कराने के लिए उपलब्ध बेडों की स्थिति पता कर सकेगा।
जिले की प्रभारी अधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने इस संबंध में सोमवार को निर्देश जारी किए थे। इसके तहत अस्पतालों से अपने यहां उपलब्ध व भरे बेडों की स्थिति को मंगलवार को ऑनलाइन अपडेट करने के लिए कहा गया था। इसके लिए सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को डीएसओ पोर्टल पर लॉगिन दी गई है। इसी लॉगिन में अस्पतालों को प्रतिदिन सुबह 8 व शाम 4 बजे बेड की स्थिति का विवरण भरना है।
हालांकि ट्रायल के दौरान मंगलवार की रात खबर लिखे जाने तक दिए गए लिंक में सिर्फ केजीएमयू व दो अन्य हॉस्पिटल का ब्योरा दिख रहा था। बाकी अस्पतालों का ब्योरा नजर नहीं आया। प्रशासन के दावे पर अस्पताल ब्योरा उपलब्ध कराएंगे या नहीं, यह बुधवार को सामने आएगा।
हैलो डॉक्टर सेवा शुरू, प्रभारी अधिकारी ने लिया जायजा
होम आइसोलेशन में रह रहे रोगियों को चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हैलो डॉक्टर सेवा का शुभारंभ मंगलवार से हो गया है। जिला प्रशासन की ओर से शुरू हुई इस सेवा के तहत रोगी हेल्पलाइन नंबर 0522-3515700 पर कॉल करके अनुभवी चिकित्सकों से परामर्श कर सकते हैं।
प्रभारी अधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने मंगलवार को शुरू हुई सुविधा का जायजा लेने के लिए कंट्रोल रूम का दौरा भी किया। उन्होंने बताया कि इस सेवा में तीन शिफ्ट में 20-20 अनुभवी चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। सभी होम आइसोलेशन में रह रहे रोगी सुबह 8 से 2 बजे तक हेल्पलाइन नम्बर पर कॉल करके परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। चिकित्सकों के दल में एलोपैथ के अलावा होम्योपैथी व आयुर्वेद के चिकित्सक भी शामिल हैं।