एक सेंटीमीटर से छोटे ट्यूमर का भी पता लगाना आसान
लखनऊ। केजीएमयू के रेडियोडायग्नोसिस विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. अनित परिहार ने बताया कि रेडियोलॉजी के क्षेत्र में लगातार नई-नई तकनीक आ रही हैं। ड्यूवल एनर्जी सिटी स्कैन के जरिए एक सेंटीमीटर से कम साइज के ट्यूमर की प्रकृति पता लगाई जा सकती है। ट्यूमर की स्थिति पता लग जाने से उसका इलाज करना आसान हो गया है। वह एसजीपीजीआई के रेडियोडायग्नोसिस विभाग की ओर से आयोजित टेक स्पायर कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. परिहार ने बताया कि सिटी परफ्यूजन तकनीक का प्रयोग तेजी से बढ़ा है। ज्यादातर संस्थान इस तकनीक को स्थापित करने में लगे हैं। इसके आने से कैंसर समेत अन्य बीमारियों का इलाज आसान हो जाएगा। टेली मेडिसिन विभाग केऑडिटोरियम में आयोजित कार्यशाला में डॉ. आशीष वर्मा ने इंटरवेंशन रेडियोलॉजी के बारे में जानकारी दी। बताया कि इसकेजरिए ट्यूमर को बिना ऑपरेशन के रेडियो तरंगों के जरिए खत्म किया जा सकता है। इसके जरिए खून की नलियों को बंद किया जा सकता है और बहते खून को रोका जा सकता है। मौके पर विभाग की प्रो. अर्चना गुप्ता, कार्यशाला कोऑर्डिनेटर सरोज वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।