लखनऊ। नगर निगम से एनओसी लेने की व्यवस्था बदलने के बाद एलडीए वीसी ने अब लखनऊ विकास प्राधिकरण में एक बदलाव किया है। उन्होंने नक्शा पास करने के लिए कई अनुभागों से एनओसी लिए जाने की व्यवस्था को आसान बनाने के लिए दो अधिकारी नियुक्त किए हैं।
ये अफसर दूसरे विभागों से खुद समन्वय कर एनओसी जारी कराएंगे, ताकि आवेदक को महीनों इंतजार न करना पड़े। इसे लेकर एलडीए वीसी की ओर से आदेश भी जारी कर दिया गया है।
भवन निर्माण के लिए एलडीए से मानचित्र पास कराना होता है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन होता है। हालांकि, विभिन्न अनुभागों से एनओसी मिलने में देरी के कारण मानचित्र पास होने में कई महीने लग जाते हैं। दूसरे विभागों के अलावा आवेदकों को एलडीए के नजूल, अर्जन, नियोजन, सीलिंग व ट्रस्ट में एनओसी के लिए मशक्कत करनी पड़ती है।
मानचित्र सेल के अधिकारी बताते हैं कि प्राधिकरण में बड़ी संख्या में नक्शा स्वीकृत कराने के लिए आवेदन आते हैं। इसमें देरी होने पर एलडीए की छवि धूमिल हो रही है। इसे देखते हुए वीसी प्रथमेश कुमार ने मानचित्र सेल में दो अफसरों को अधिकृत किया है। सहायक अभियंता मानचित्र सेल अतुल शर्मा के अधीनस्थ मानचित्र सेल में कार्यरत सहायक नगर नियोजक देवेश वत्स व अवर अभियंता शुभांकर सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। ये इंजीनियर एलडीए के सभी अनुभागों में लंबित एनओसी के लिए समन्वय करते हुए कार्यवाही पूरी कराएंगे।