लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय की साइंस फैकल्टी में एआई से जुड़े सेमिनार में शामिल न होने पर करीब 80 शिक्षकों को नोटिस जारी होने से विवाद खड़ा हो गया है। नोटिस में तीन दिन में अनुपस्थिति का कारण बताने के लिए कहा गया है। यह सेमिनार 16 और 24 मार्च को हुआ था। शिक्षकों का कहना है कि बिना कक्षाएं स्थगित किए सेमिनार में शामिल होना संभव नहीं था, इसलिए वे कक्षाएं छोड़कर नहीं गए। साथ ही कुछ ने डीन के नोटिस जारी करने के अधिकार पर भी सवाल उठाए हैं। लविवि टीचर्स एसोसिएशन की बैठक में भी मुद्दा उठा। डीन प्रो. शीला मिश्रा ने कहा कि केवल कारण जानने के लिए नोटिस जारी किया गया है।