रायबरेली। ऊंचाहार ब्लॉक की ऊंचाहार देहात ग्राम पंचायत में मंडलीय लेखा परीक्षक की जांच में मनमानी उजागर होने के बाद संबंधित ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में जिला विकास अधिकारी ने संबंधित वीडीओ को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जल्द कार्रवाई होगी।
मंडलीय लेखा परीक्षक की टीम ने ऊंचाहार ग्राम पंचायत में राज्य वित्त आयोग से कराए गए कजराबाद से डामर रोड जोहर के घर तक इंटरलॉकिंग की जांच की थी। जांच में मनमानी पकड़ में आई थी। इंटरलॉकिंग के काम में मानकों की अनदेखी की गई थी। सीआईबी बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। जांच में करीब 2225 रुपये की गड़बड़ी पकड़ में आई है।
रिपोर्ट आने के बाद ग्राम विकास अधिकारी रुद्र प्रताप सिंह के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार ने नोटिस देकर जवाब मांगा है। डीडीओ ने बताया कि जवाब आने के बाद संबंधित वीडीओ पर कार्रवाई की जाएगी।