लखनऊ। एक आदेश की आड़ में दो सील बिल्डिंगों की सील खोलने के मामले में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने विहित प्राधिकारी विपिन शिवहरे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही दुबग्गा स्थित अवैध बिल्डिंग को दोबारा सील करने के निर्देश दिए हैं।
दुबग्गा निवासी जगदेव सिंह की बिल्डिंग को अवैध निर्माण के चलते एलडीए ने सील किया था। जगदेव ने अवैध हिस्से की कंपाउंडिंग कराकर सील खोलने का आवेदन दिया था। इस पर एलडीए वीसी ने विहित प्राधिकारी को सील खोलने और वाद स्थगित करने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि इसी आदेश की आड़ में अमीनाबाद स्थित अजीत ज्वैलर्स की सील खोलने का आदेश भी जारी कर दिया गया।
अवैध वसूली के आरोप में अधिकारी हटाए
एलडीए के प्रवर्तन जोन तीन के जोनल अधिकारी मान सिंह और अवर अभियंता राहुल विश्वकर्मा पर भी कार्रवाई की गई है। अवैध निर्माण कराने के एवज में रकम वसूलने संबंधी कथित ऑडियो वायरल होने के बाद एलडीए वीसी ने जोनल अधिकारी को पद से हटा दिया, जबकि अवर अभियंता का तबादला जोन दो में कर दिया। जोन तीन का अतिरिक्त कार्यभार जोन दो के जोनल अधिकारी एवं ओएसडी रवि नंद सिंह को सौंपा गया है। वह जोन दो की जिम्मेदारी भी संभालते रहेंगे।