सिटी मजिस्ट्रेट ने कसा शिकंजा, क्लीनिक व कई हॉस्पिटलों को भी नोटिस, पार्किंग बनवाने के आदेश
पार्किंग न होने से सड़क तक गाड़ियां खड़ी करते लोग
फोटो संख्या 29, 30, 31
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। शहर में जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जाग गई है। बहुमंजिले व्यावसायिक भवनों के मालिकों को पार्किंग की व्यवस्था के आदेश दिए गए हैं। इसके लिए सिटी मजिस्ट्रेट ने 50 से अधिक कांप्लेक्सों के मालिकों को नोटिस थमा दिया है। इसमें कई क्लीनिकों व नर्सिंगहोम के संचालकों को भी नोटिस दिया गया है। भवनों में पार्किंग की व्यवस्था करके जवाब न देने पर कांप्लेक्सों की सीलिंग की चेतावनी दी गई है।
शहर में सुबह से लेकर शाम तक लोग जाम से परेशान होते हैं। कांप्लेक्सों और शो रूम के बाहर सड़क तक वाहनों के खड़े होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। जिला प्रशासन ने रूट डायवर्जन भी किया है। सड़कों पर खड़े वाहनों का चालान भी किया जा रहा है, लेकिन इससे भी जाम की समस्या नहीं थमी है।
शहर में जाम की समस्या विकराल होती जा रही है। कांप्लेक्सों में पार्किंग की व्यवस्था के लिए सिटी मजिस्ट्रेट प्रकाश चंद्र ने कार्रवाई शुरू की है। शहर के कचेहरी रोड, फायर बिग्रेड के पास, कैनाल रोड, घंटाघर रोड, कैपरगंज, सुपरमार्केट, मधुबन रोज सहित शहर के अन्य स्थानों पर बने कांप्लेक्सों के मालिकों, क्लीनिक व नर्सिंगहोम संचालकों को धारा 133 के तहत नोटिस दिया गया है। सभी को 15 दिन के अंदर पार्किंग की व्यवस्था करके जवाब देने के आदेश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर भवनों की सीलिंग की प्रक्रिया शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
इनसेट
पार्किंग में संचालित हो रहीं व्यावसायिक गतिविधियां
शहर में बहुमंजिली इमारतों के मालिकों ने बेसमेंट को पार्किंग के रूप में आरडीए से पास कराया है, लेकिन बेसमेंट में भी व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। ऐसे में लोगों को कांप्लेक्सों के बाहर सड़क तक वाहनों को खड़ा करना पड़ता है, जिससे जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। यदि बेसमेंट का पार्किंग के रूप में उपयोग किया जाए तो शहर की इस विकराल समस्या से निपटा जा सकता है।
इनसेट
अवर अभियंताओं से पार्किंग की जांच कर रिपोर्ट मांगी
रायबरेली विकास प्राधिकरण की ओर से कांप्लेक्सों के मालिकों को बेसमेंट को पार्किंग के रूप में प्रयोग करने के लिए नोटिस दिया जा चुका है, लेकिन किसी पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। पार्किंग के रूप में पास बेसमेंट में दुकान, होटल, क्लीनिक व अन्य व्यावसायिक गतिविधियां धड़ल्ले से संचालित की जा रही हैं। आरडीए के अधिशासी अभियंता एम. अहमद ने बताया कि अवर अभियंताओं को भवनों में पार्किंग की जांच करके रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
वर्जन
पार्किंग का बंदोबस्त न होने पर होगी कार्रवाई
शहर में जाम की समस्या बड़ी है। बहुमंजिला कांप्लेक्सों के सामने ज्यादा जाम देखने को मिल रहा है। पार्किंग की व्यवस्था के लिए 50 से अधिक भवनों के मालिकों को नोटिस दी गई है। पार्किंग का बंदोबस्त न होने पर कार्रवाई की जाएगी।
-प्रकाशचंद्र, सिटी मजिस्ट्रेट