जिला अस्पताल की मार्चुरी में अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी गईं। मार्चुरी में पोस्टमार्टम के लिए रखे महिला के शव की कुछ लोग नाक काटकर नथुनी निकाल ले गए। साथ ही उसके अन्य जेवर भी नदारद मिले है। शव की ऐसी बेकदरी देख परिवारीजन भड़क गए और पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इससे अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। बाद में परिवारीजनों का गुस्सा शांत हुआ। मृतक महिला के ससुर ने कोतवाली में तहरीर देकर मार्चुरी में शव की नाक काटने और जेवर चुराने का आरोप लगाते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के 702/9 कृष्णा नगर निवासी राम सिंह यादव की बहू संगीता यादव (27) ने मंगलवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मार्चुरी में रखवा दिया था। बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए मार्चुरी से बाहर निकाला गया तो महिला के शव की नाक कटी थी। साथ ही नाक में पहनी हुई सोने की नथ व अन्य जेवर भी गायब मिले।