लखनऊ। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने आमजन से रेलवे ट्रैक के आसपास लापरवाही न बरतने की अपील की है। मंडल ने कहा कि थोड़ी सी असावधानी बड़े हादसों का कारण बन सकती है। हाल ही में मंडल में दो घटनाओं से संभावित गंभीर दुर्घटनाएं टल गईं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने पहली घटना मसौधा-अयोध्या कैंट के बीच बताई। एक ट्रैक्टर रेलवे फाटक के निकट अनधिकृत रूप से ट्रैक पार कर रहा था। लोको पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए समय रहते ट्रेन रोक दी। इससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई और रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई। दूसरी घटना अटरामपुर-फाफामऊ रेलखंड पर सामने आई। एक जेसीबी अनधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पार कर रही थी। इसी दौरान जेसीबी में ट्रैक के पास रखा लोहे का टुकड़ा फंसकर ट्रैक पर आ गया। वहां से गुजर रही मालगाड़ी के इंजन से वह टुकड़ा टकरा गया। इस घटना से कुछ समय के लिए रेल संचालन प्रभावित हुआ। संबंधित जेसीबी चालक के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षा के लिए निर्देश
उत्तर रेलवे ने सभी नागरिकों, ठेकेदारों और वाहन चालकों से रेलवे लाइन के आसपास कार्य करते समय विशेष सावधानी बरतने का अनुरोध किया है। किसी भी वाहन, मशीन या निर्माण सामग्री को रेलवे ट्रैक अथवा उसके सुरक्षा क्षेत्र के निकट न रखें। रेलवे लाइन पार करने के लिए केवल अधिकृत समपार फाटक, रोड ओवरब्रिज या रोड अंडरब्रिज का ही उपयोग करें। समर्थ गुप्ता ने कहा कि लोगों की सतर्कता हजारों रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है। रेलवे ने भविष्य में ऐसी किसी भी दुर्घटना को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की बात कही है।