फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ यूनिवर्सिटी में सात से चलेंगी सामान्य कक्षाएं, वाणिज्य संकाय में दो दिन क्लास

Wed, 02 Dec 2020 01:38 AM IST
लखनऊ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
लखनऊ यूनिवर्सिटी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लखनऊ विश्वविद्यालय में सामान्य कक्षाओं का संचालन सात दिसंबर से किया जाएगा। वाणिज्य संकाय में सामान्य कक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को सप्ताह में दो दिन बुलाया जाएगा। बाकी दिन पहले की तरह ऑनलाइन कक्षाएं चलेंगी।

विज्ञापन


फिलहाल आधी क्षमता के हिसाब से ही कक्षा चलेगी। सप्ताह में दो दिन का बंटवारा भी इस तरह किया जाएगा, जिससे हर विद्यार्थी को एक दिन सामान्य क्लास करने का मौका मिले। आधा सेक्शन एक दिन और आधा दूसरे दिन शामिल होगा।

लविवि में मंगलवार को सामान्य कक्षाओं के संचालन को लेकर हुई बैठक में यह सहमति बनी। वहीं बाकी संकायों में सामान्य कक्षाओं के संचालन पर फैसला बुधवार को होगा। सरकार के निर्देश पर डिग्री स्तर की कक्षाओं के संचालन की प्रक्रिया 23 नवंबर से शुरू की गई है।
विज्ञापन


लविवि में उस समय शताब्दी समारोह चल रहा था। इससे विवि ने अब तक सामान्य कक्षाएं चलाने पर कोई फैसला नहीं लिया था। इस समय लविवि में इंटरनल परीक्षा भी चल रही है। इसलिए विवि ने अपनी सामान्य कक्षाएं सात दिसंबर से शुरू करने का निर्णय लिया है।

विज्ञान प्रथम सेमेस्टर के छात्रों को कम मिलेगा मौका 

लखनऊ यूनिवर्सिटी - फोटो : amar ujala
साथ ही इस बात पर भी चर्चा हुई कि किस अनुपात या तरीके से विद्यार्थियों को बुलाया जाए, ताकि कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन भी किया जा सके। वाणिज्य संकाय ने इस विषय को लेकर विश्वविद्यालय में मंगलवार को हुई बैठक में ही स्पष्ट कर दिया कि संकाय में सप्ताह में सिर्फ दो दिन ही सामान्य कक्षाएं होंगी।

वहीं कला और विज्ञान संकाय ने इस पर बुधवार को बैठक बुलाने की बात कही है। इसमें तय किया जाएगा कि विद्यार्थियों को किस अनुपात में सामान्य कक्षाओं के लिए बुलाया जाय, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकतम कक्षाएं चलाई जा सकें।

विज्ञान संकाय में सबसे बड़ी समस्या प्रैक्टिकल क्लास की है। इसे देखते हुए विवि में परास्नातक के प्रैक्टिकल जारी हैं। उन्हें सप्ताह में दो दिन के बजाय छह दिन लैब के उपयोग की अनुमति है। लविवि में इस समय जारी व्यवस्था के अनुसार बीएससी प्रथम सेमेस्टर में एक भी प्रैक्टिकल परीक्षा नहीं है।

इसको देखते हुए ऐसा फैसला किया जा सकता है कि द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को ज्यादा ऑफलाइन क्लास का मौका मिले, ताकि उनके प्रैक्टिकल कराए जा सकें। प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के पास बाद में भी क्लास करने का मौका रहेगा।
विज्ञापन

छात्रावास में एक कमरे में एक विद्यार्थी  

लखनऊ यूनिवर्सिटी - फोटो : अमर उजाला
लविवि में राजधानी से बाहर के काफी विद्यार्थी पढ़ते हैं। वे यहां छात्रावास या फिर किराए पर कमरा लेकर रहते हैं। विवि ने छात्रावास आवंटन के लिए भी गाइडलाइन तैयार की है।इसके अनुसार फिलहाल एक कमरे में एक छात्र के हिसाब से आवंटन होगा। विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने या फिर स्थिति सामान्य होने पर व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। 

शिल्पकला संकाय में तीन दिन क्लास का मौका
लविवि के शिल्प कला महाविद्यालय में विद्यार्थियों को सप्ताह में तीन दिन क्लास का मौका मिलेगा। यहां विद्यार्थियों की संख्या सीमित है और उनकी क्लास का स्वरूप भी ऐसा है कि क्लासरूम के बजाय प्रैक्टिकल का भाग ज्यादा होता है। इसे देखते हुए तय किया गया कि वहां पर एक विद्यार्थी को सप्ताह में कम से कम तीन दिन क्लास का मौका मिले। 

इंटरनल परीक्षाएं चलने की वजह से विवि में सामान्य कक्षाओं का संचालन सात दिसंबर से शुरू होगा। वाणिज्य संकाय में सप्ताह में दो दिन कक्षाएं चलेंगे, जबकि कला एवं विज्ञान संकाय में बुधवार को इस पर कोई फैसला होगा। -डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव, प्रवक्ता लविवि
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें