मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना संक्रमण के प्रसार पर नियंत्रण के लिए कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और सर्विलांस सिस्टम में कोई ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए हैं। वह रविवार को अपने सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ, वाराणसी, कानपुर नगर व अयोध्या में विशेष सतर्कता बरती जाए। कोविड अस्पतालों में सीनियर फैकल्टी चिकित्सक राउंड लें और वहां हाई फ्लो नेजल कैन्युला (एचएनएफसी) की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। लोगों को जागरूक बनाने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से इसकी रोकथाम, कोरोना प्रोटोकॉल के संबंध में निरंतर जानकारी दी जाए। लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिये प्रेरित किया जाए। साथ ही उन्हें मास्क पहनने और सैनिटाइजेशन के बारे में भी लगातार जानकारी दी जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियाें से कहा कि कोविड चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखा जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि विशेषज्ञ डॉक्टर कोविड वार्ड में नियमित राउंड लें। अस्पतालों में दवाओं, मेडिकल उपकरणों, ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता रहे। कोविड-19 की मेडिकल टेस्टिंग में प्रतिदिन पर्याप्त संख्या में आरटीपीसीआर और रैपिड एंटीजन टेस्ट किए जाएं। उन्होंने इन्टीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को पूरी सक्त्रिस्यता से संचालित करने के निर्देश भी दिये। सरकार के प्रयासों से वर्तमान में प्रदेश में कोरोना से रिकवरी दर 94.6 प्रतिशत है। बैठक में मुख्य सचिव आरके तिवारी सहित सभी प्रमुख अधिकारी मौजूद थे।