पीजीआई और लोहिया की ओपीडी में आज नये मरीज नहीं देखे जाएंगे
लखनऊ। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर घोषित सार्वजनिक अवकाश के बाद सोमवार को पीजीआई व लोहिया संस्थान की ओपीडी में नए मरीजों का पंजीकरण नहीं होगा। हालांकि, पहले से परामर्श की तारीख ले चुके पुराने मरीजों को डॉक्टर देखेंगे। विभिन्न विभागों में पहले से निर्धारित जांचें और ऑपरेशन भी होंगे। पीजीआई में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। ओपीडी में नमूने लेने की सुविधा बंद रहेगी। प्रशासनिक भवन और शैक्षणिक ब्लॉक भी बंद रहेंगे।
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि ओपीडी में सामान्य दिनों की भांति नए व पुराने मरीज देखे जाएंगे। इमरजेंसी से लेकर ऑपरेशन भी होंगे। जांचे भी होंगी। सिर्फ शिक्षण कार्य नहीं होंगे और कार्यालय भी बंद रहेंगे। वहीं बलरामपुर, सिविल, लोकबंधु समेत दूसरे सरकारी अस्पतालों में 12 बजे तक ओपीडी का संचालन होगा। रूटीन की जांचें भी होंगी। इमरजेंसी में 24 घंटे मरीज देखे व भर्ती किए जाएंगे।