रोडवेज की बसें अब शहर के अंदर नहीं घुस सकेंगी। उनके अंदर आने का एक निश्चित समय होगा।
राजधानी का यातायात बाधित न हो इसके लिए रोडवेज बसों को प्रवेश दोपहर में 12 से तीन बजे के बीच शहर में नही होगा। 12 बजे से पहले और तीन बजे के बाद ही बसें शहर के अंदर से होकर गुजरेंगी।
वहीं यातायात विभाग की ओर से सिटी बस को पूरे दिन शहर में संचालन की छूट दी गई है। जिससे शहरवासियों को सफर में किसी तरह की समस्या नहीं होगी।
यातायात विभाग ने शहर की यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए रोडवेज की बसों को दिन में 12 बजे से तीन बजे के बीच चारबाग से हजरतगंज की ओर आने-जाने वाली बसों पर प्रतिबंध लगा दिया है। बसों के अलावा भारी वाहन भी इस अवधि में इस रूट से नहीं गुजरेंगे।
चारबाग से रोडवेज बसें इस अवधि में हजरतगंज की ओर न आकर केकेसी से सीधे पॉलिटेक्निक की ओर रवाना हो जाएंगी।
वहीं शहर में संचालित महानगरीय परिवहन सेवा का संचालन पूर्ववत जारी रहेगा। यातायात विभाग ने स्कूलों में छुट्टी के दौरान लगने वाले जाम के चलते यह निर्णय लिया है।
परिवहन निगम के लखनऊ रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी ने आगामी 30 जुलाई तक का समय शहर के बाहर चार बस अड्डों के लिए जगह देने के लिए तय किया है। जैसे ही रोडवेज को जगह मिल जाएगी बसों का संचालन इन्हीं बस अड्डों से शुरू करा दिया जाएगा।