लखनऊ। चिनहट खंड के जिम्मेदारों की लापरवाही से सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर के मकान का निर्माण रुका हुआ है। गोमतीनगर विस्तार निवासी बद्री नरायन सिंह ने बताया कि 15 दिन पहले अस्थायी बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करने के बावजूद उन्हें कनेक्शन नहीं मिल पाया है। बिजली न होने के कारण सबमर्सिबल पंप नहीं चल पा रहा।
पत्नी संगीता सिंह के नाम पर आवेदन के बाद लाइनमैन चार बार निरीक्षण कर चुका है। शिकायत के बाद रविवार को जूनियर इंजीनियर भी निरीक्षण को पहुंचे और कहा कि जब अधिशासी अभियंता अवकाश से लौटेंगे तो कनेक्शन शुल्क जमा हो जाएगा। वहीं, मुख्य अभियंता सुशील गर्ग ने सोमवार तक कनेक्शन सुनिश्चित कराने का वादा किया है।
पीके सिंह ने संभाली कमान, आवेदकों की पीड़ा बढ़ी
आरोप है कि जब से चिनहट खंड के अधिशासी अभियंता पीके सिंह ने पद संभाला है, तब से नए कनेक्शन के आवेदकों की मुश्किलें बढ़ी हैं। पिछले 15 दिनों में तीन आवेदकों ने कनेक्शन न मिलने की शिकायत की है।