दशहरा और बकरीद की छुट्टियों में घूमने की तैयारी में हैं शहरवासी। छुट्टियों की उनकी प्लानिंग ने ट्रेनों में वेटिंग बढ़ा दी है।
सबसे ज्यादा मारामारी पुष्पक एक्सप्रेस समेत हिल स्टेशन की ओर जाने वाली ट्रेनों में टिकट को लेकर है। जम्मू, देहरादून और काठगोदाम जाने वाली ट्रेनों में 11 अक्टूबर की वेटिंग बहुत लंबी हो गई है।
वहीं डिमांड देखते हुए छुट्टियों में विमान का किराया भी महंगा हो गया है। खास बात है कि दिल्ली जाने वाली ट्रेन समेत कई स्पेशल ट्रेनों में सीटें खाली पड़ी हैं।
12 को अक्तूबर को महीने का दूसरा शनिवार, 13 को रविवार और दशहरा व बकरीद की छुट्टी पड़ने के कारण शहर से जाने वाली कुछ मुख्य ट्रेनों में 11 अक्तूबर को मारामारी मच गई है।
मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस में जहां लखनऊ से भोपाल तक शयनयान की वेटिंग दो सौ के करीब हो गई है। वहीं 01684 लखनऊ जंक्शन-भोपाल स्पेशल में शयनयान श्रेणी में 361 और एसी तृतीय में 57 सीटें खाली हैं।
ट्रेन 12593 भोपाल गरीब रथ में भी एसी तृतीय की 300 से अधिक सीटें खाली चल रही हैं। इस बार दिल्ली जाने वाले यात्रियों की अधिक भीड़ ट्रेनों में नहीं दिख रही है। हालांकि इससे निपटने के लिए रेलवे प्रशासन आनंद विहार और नई दिल्ली से लखनऊ के बीच तीन स्पेशल ट्रेनें चला रहा है।
जम्मूतवी जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस में एसी तृतीय की वेटिंग टिकट मिलना भी बंद हो गई हैं। काठगोदाम जाने वाली बाघ एक्सप्रेस की एसी तृतीय श्रेणी में भी 11 से 15 अक्तूबर तक वेटिंग के टिकट नहीं मिल रहे हैं।
वेटिंग बढ़ाएगी दोहरी मुश्किल
आरक्षित डिब्बों में सीट कंफर्म हुए बिना यात्रा करना अब आसान नहीं रहा है। रेलवे सख्ती से इस पाबंदी को लागू कराएगा। वेटिंग लिस्ट के यात्रियों के आरक्षित डिब्बों में यात्रा करने से अन्य यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए सख्ती बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
बीती 23 जुलाई को ट्रेन 12237 बेगमपुरा एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे शहर के प्रदीप सिंह और उनके साथी को वेटिंग का टिकट होने के कारण शयनयान बोगी से उतार दिया गया था। यही नहीं 11 सितंबर को लखनऊ-पुणे एक्सप्रेस में भी एक युवक के पास वेटिंग का टिकट था। टीटीई ने चार्ट पर छपे नियम का हवाला देकर युवक को अगले स्टेशन पर उतरने का आदेश दिया।
हालांकि युवक की मिन्नतों के बाद टीटीई ने दोबारा उसको वेटिंग का टिकट लेकर आरक्षित बोगियों में न चलने की हिदायत दी। रेलवे भी लखनऊ मेल सहित 24 बोगियों वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग के टिकट जारी कर रहा है।
यह जानते हुए कि इन ट्रेनों में एक भी अतिरिक्त बोगी नहीं लगेगी, वेटिंग धड़ल्ले से जारी हो जाती है। इन ट्रेनों में केवल 30 प्रतिशत वेटिंग ही कंफर्म हो पाती हैं।