अपनी ही सरकार की मंशा पर सवालिया निशान लगाते हुए सपा महासचिव प्रो.रामगोपाल यादव ने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगे के आरोपियों के खिलाफ मुकदमे वापस नहीं होंगे।
सांप्रदायिकता के सहारे केंद्र में सरकार बनाने के नरेंद्र मोदी के सपने पूरे नहीं हो पाएंगे। कांग्रेस पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि देश में ऐसा लाचार प्रधानमंत्री कभी नहीं रहा।
यह बात उन्होंने, मुजफ्फरनगर में सात-आठ सितंबर 2013 के सांप्रदायिक दंगे में आरोपी बसपा सांसद कादिर राणा समेत 16 अल्पसंख्यक नेताओं से केस वापस लेने की तैयारी की बात पर कही।
न्याय विभाग ने इस संबंध में मुजफ्फरनगर के डीएम से रिपोर्ट भी तलब कर ली है।
सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए सपा महासचिव ने इसे सिरे से खारिज करते हुए साफ कहा कि दंगे के आरोपियों पर से मुकदमे कत्तई वापस नहीं लिए जाएंगे।
जिन्होंने भी निर्दोषों का खून बहाया है, उन्हें किसी भी हालत में माफ नहीं किया जा सकता है। समाज में सांप्रदायिकता नफरत फैलाकर केंद्र में सत्तासीन होने का भाजपा और नरेंद्र मोदी का सपना कभी पूरा नहीं होगा।
उरई के टाउन हाल के मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस पर प्रहार करते सपा महासचिव ने कहा कि पीएम पद की गरिमा पूरी तरह समाप्त हो गई है।