डॉ. राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग की घटना पर संस्थान प्रशासन लीपापोती करने में जुट गया है। पीड़ित छात्रों ने ई-मेल भेजकर मामले की शिकायत की है। इसके बावजूद अभी तक मामले की जांच शुरू नहीं की गई है।
संस्थान में 15 फरवरी से एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू हुई हैं। क्लास के लिए विद्यार्थियों को छात्रावास से एकेडमिक ब्लॉक तक जाना होता है। इसके लिए एक गार्ड की तैनाती भी की गई है। ऐसे में रास्तें में उन्हें सीनियर छात्र परेशान नहीं कर पाते हैं। इसके बजाय जूनियर छात्रों को फोन करके डराया धमकाया जा रहा है तथा नये-नये आदेश जारी किए जा रहे हैं। करीब डेढ़ महीने पहले जूनियर छात्रों ने ई-मेल भेजकर संस्थान प्रशासन से रैगिंग की शिकायत की थी। पर कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद एक सप्ताह पहले जूनियर छात्रों के लिए बाल कटवाने का फरमान जारी हो गया। जूनियर छात्रों का कहना है संस्थान की वेबसाइट पर दाखिला लेने वाले सभी विद्यार्थियों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज हैं। इसके बावजूद संस्थान प्रशासन मामले की जांच नहीं करा रहा है। वहीं संस्थान के प्रवक्ता डॉ. श्रीकेश सिंह का कहना है कि इस मामले पर ध्यान दिया जा रहा है। मामले की जांच की जाएगी।