पहली जुलाई से ट्रेनों की एसी श्रेणी के टिकट अनारक्षित टिकट काउंटरों पर नहीं मिलेंगे। आरक्षण केंद्र या आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर ही रिजर्वेशन कराना होगा। जीएसटी के नाम पर रेलवे बोर्ड अन्य यात्री सुविधाओं में भी कटौती कर रहा है। इसके तहत पहली जुलाई से सर्कुलर जर्नी टिकट नहीं बनाए जाएंगे।
आरक्षण केंद्रों पर क्लस्टर टिकटों की सुविधा भी खत्म की जा रही है। हालांकि अनरिजर्व्ड टिकट सिस्टम (यूटीएस) पर इसे जारी रखा जाएगा। वहीं, नई व्यवस्था के तहत सफर पर जाने और वापसी के अलग-अलग टिकट बुक करवाने होंगे। पहली जुलाई से जीएसटी लागू हो रहा है। इसके तहत रेलवे बोर्ड ने ये बदलाव किए हैं।
रेलवे बोर्ड में डिप्टी डायरेक्टर (पैसेंजर मार्केटिंग) रोहित कुमार ने बताया कि इस बाबत सर्कुलर जारी किया गया है। इसमें क्रिस को सॉफ्टवेयर अपडेट करने को कहा गया है तथा जोनल रेलवे को आवश्यक बदलाव के निर्देश दिए गए हैं। कॉमर्शियल इंस्पेक्टर स्टेशनों पर जीएसटी लागू होने की जांच करेंगे और रिपोर्ट बोर्ड को भेजेंगे।