मोतिगरपुर में सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय को ज्ञापन देते निषाद समाज के लोग। संवाद
मोतिगरपुर। निषाद समाज के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को आरक्षण सहित विभिन्न मांगों को लेकर कस्बे में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय को सौंपते हुए आगामी विधानसभा सत्र में उनकी मांगों को प्रमुखता से उठाने की अपील की।
पूर्व प्रमुख राममूर्ति निषाद, जिलाध्यक्ष रमेश निषाद और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव कृष्णा कुमारी निषाद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि जो उनकी आवाज उठाएगा, वही समर्थन पाएगा। ज्ञापन में निषाद समाज की विभिन्न उपजातियों को अनुसूचित जाति का लाभ देने, 31 दिसंबर 2016 व 12 जनवरी 2017 के शासनादेशों का प्रभावी पालन कराने और ओबीसी प्रमाणपत्र जारी करने पर रोक लगाने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रताप सिंह, सुशील गोस्वामी, प्रधान सुभाष निषाद, मगन निषाद, विधानसभा अध्यक्ष रमेश कुमार निषाद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।