ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ में ड्यूटी से गायब मिले 11 बाबू, गिरेगी गाज
लखनऊ। ट्रांसपोर्टनगर स्थित आरटीओ कार्यालय में मंगलवार को उपपरिवहन आयुक्त राधेश्याम के औचक निरीक्षण में नौ बाबू और दो चपरासी नदारद मिले। कई काउंटर खाली पड़े थे। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सभी 11 कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
सूत्रों के मुताबिक, आरटीओ कार्यालय में कर्मचारियों के समय से काउंटर पर न बैठने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते उपपरिवहन आयुक्त दोपहर करीब दो बजे निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय, एआरटीओ प्रशासन प्रदीप कुमार सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन आलोक कुमार यादव और संभागीय निरीक्षक प्राविधिक प्रशांत कुमार उपस्थित मिले। आरटीओ प्रशासन अरुण कुमार वार्ष्णेय और संभागीय निरीक्षक संभागीय निरीक्षक विष्णु कुमार व प्रदीप कुमार अवकाश पर थे।
उपपरिवहन आयुक्त ने काउंटरों का निरीक्षण करने के साथ उपस्थिति पंजिका भी जांची। इसमें नौ बाबू और दो चपरासी अनुपस्थित मिले। एआरटीओ प्रशासन प्रदीप कुमार सिंह को अनुपस्थित कर्मचारियों से तीन दिन में स्पष्टीकरण लेकर रिपोर्ट उपपरिवहन आयुक्त को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये रहे अनुपस्थित
अनुपस्थित कर्मचारियों में प्रधान सहायक अमित कुमार श्रीवास्तव और राजीव चौबे, वरिष्ठ सहायक अभिषेक पांडेय, कृष्ण कुमार दुबे, विनय कुमार शाही, मांडवी सिंह, फैज और निशांत श्रीवास्तव तथा कनिष्ठ सहायक अभिषेक शर्मा शामिल हैं। इसके अलावा चपरासी दीपक गुरु और रेखा भी गैरहाजिर मिले।
मंगलवार को ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ का औचक निरीक्षण किया गया। उपस्थिति पंजिका में 11 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सभी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। - राधेश्याम, उपपरिवहन आयुक्त