रायबरेली। प्रयागराज के फाफामऊ में चल रहे काम और कोहरे का असर ट्रेनों के संचालन पर साफ दिख रहा है। ट्रेनों को निरस्त करना पड़ रहा है, वहीं लेटलतीफी भी काफी बढ़ी है। शुक्रवार को आनंद विहार से पुरी जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस लगभग चार घंटे विलंब से आई। बनारस-देहरादून जनता मेल व प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल व लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस सवा घंटे, सहारनपुर से आने वाली नौचंदी एक्सप्रेस एक घंटे, देहरादून-बनारस जनता मेल पौन घंटे देर से पहुंची। बृहस्पतिवार को देर रात प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे और प्रयागराज-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस चार घंटे विलंब से गुजरी। प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस सवा चार घंटे, कानपुर-रायबरेली पैसेंजर सवा घंटे, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस व बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस एक घंटे, कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस पौन घंटे, नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस आधे घंटे विलंब से आई। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि सभी ट्रेनें पिछले स्टेशनों से लेट होने के कारण देर से आई हैं।