हाईवे पर बने कट को बंद करती एनएचएआई की टीम।
बख्शी का तालाब। एनएचएआई की टीम ने शुक्रवार को नंदना के सीतापुर हाईवे के कट को बंद कर दिया। यहां पर काम करने वाली इटौंजा टोल की टीम के कर्मचारियों ने बताया कि एक हादसे में बाइक सवार ललित की मौत के बाद बृहस्पतिवार को बाबापुरवा के पास हाईवे पर प्रदर्शन और मार्ग जाम किया गया था। इस घटना को देखते हुए ट्रायल के लिए खोले गए इस कट को बंद कर दिया गया है।
बीकेटी कस्बे में अस्ती क्रॉसिंग से लेकर छठामील तक लगभग तीन किमी की दूरी में कोई भी कट नहीं है। इस दूरी में कई हॉस्प्टिल, रेस्टोरेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठान है। व्यापारियों और क्षेत्रवासियों की मांग और व्यापारियों के पत्राचार पर इस अस्थायी कट का ट्रायल चल रहा था। इसे अब बंद कर दिया गया है। इस संबंध में खैराबाद और इटौंजा टोल के कॉरिडोर मैनेजर प्रदीप शुक्ला से बात करने की कोशिश की गयी लेकिन कॉल का कोई रिस्पांस नहीं दिया गया।