काकोरी। पारा की बजरंग विहार काॅलोनी में किराए के मकान में रहने वाली नवविवाहिता सीमा रावत (20) का शव शनिवार सुबह संदिग्ध हालात में कमरे में लटका मिला। घटना के वक्त सीमा का पति सतीश मजदूरी करने गया था। पुलिस के मुताबिक उन्नाव के हसनगंज की रहने वाली सीमा का विवाह 11 महीने पहले ही सतीश से हुआ था। एक माह पहले वह पति संग पारा में रहने आई थीं। सीमा की मौत की सूचना जब पुलिस ने चंडीगढ़ में रहने वाले उनके भाई को दी तो उन्होंने कहा कि मायके वालों के आने पर ही शव फंदे से उतारा जाए। हालांकि पांच घंटे बाद एसीपी काकोरी शकील अहमद मौके पर पहुंचे और वीडियोग्राफी कराते हुए उन्होंने शव फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पारा इंस्पेक्टर बृजेश वर्मा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।