बबली पाल की फाइल फोटो। स्रोत परिजन
लखनऊ। माल के समेसी में मंगलवार सुबह एक नवविवाहिता ससुराल में संदिग्ध हालात में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। उसके पिता ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है।
हरदोई निवासी मथुरा प्रसाद ने इसी साल मार्च में बेटी बबली पाल (22) की शादी माल के समेसी गांव निवासी रवींद्र पाल से की थी। रवींद्र गोरखपुर में मिष्ठान भंडार पर काम करता है। मथुरा प्रसाद के मुताबिक सोमवार रात ही बबली से फोन पर बात हुई थी, तब वह सामान्य थी।
मंगलवार सुबह समेसी गांव के एक परिचित ने फोन करके बताया कि बबली ने फांसी लगा ली है। मथुरा प्रसाद परिजनों संग बेटी की ससुराल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मथुरा प्रसाद का आरोप है कि ससुराल वाले दहेज में कार व नकदी की मांग को लेकर बबली को प्रताड़ित करते थे।
उन्होंने बबली की हत्या करके शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए दामाद रवींद्र, उसके भाई जितेंद्र, मां फूलमती व पिता मेवालाल के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।